
बंगाल की खाड़ी में उठ रहा चक्रवाती तूफान लगातार ताकतवर हो रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में एक्टिव गहरा अवदाब सोमवार 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और मंगलवार 17 नवंबर तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है. आईएमडी ने 20 नवंबर को इसके आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, इस चक्रवात की टक्कर के वक्त 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती है, जो झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती है. इस तूफान से भारी तबाही मचने की आशंका है.
इस चक्रवात का असर सिर्फ आंध्र प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा. तूफान की वजह से तमिलनाडु, पुडुचेरी, ओडिशा और आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा है. आईएमडी के मुताबिक, चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू में बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं दूसरी तरफ उत्तर भारत में सर्दी और कोहरे ने दस्तक तेज कर दी है. दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मंगलवार सुबह घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है. वहीं बिहार और झारखंड में भी सप्ताह के दूसरे हिस्से में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है.
